बांग्लादेश के फरीदपुर जिले में 22 वर्षीय हिंदू युवक जॉय सरकार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएँ आहत करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बांग्लादेश में ही दीपू चंद्र दास की इस्लामी भीड़ द्वारा हत्या मामले के एक हफ्ते बाद की गई है।
‘हिंदू वॉयस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘अराफातुल आशिक’ नाम के यूजर ने फेसबुक पर इस्लामी इतिहास से जुड़ा पोस्ट शेयर किया था। जॉय सरकार ने इसी पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “सनातन धर्म दुनिया का सबसे पुराना धर्म है।” इस पोस्ट का हवाला देते हुए जॉय सरकार पर ईशनिंदा के आरोप लगाए और पुलिस कार्रवाई की गई।
जॉय सरकार के कमेंट को लोगों ने ईशनिंदा करार दिया। इसके बाद कमेंट के स्क्रीनशॉट loge achi.com नाम के एक मैसेंजर ग्रुप में शेयर किए गए। वहाँ से तस्वीरें तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गईं और कुछ ही घंटों में वायरल हो गईं। इसके चलते इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालत बिगड़ने की आशंका से पुलिस ने जॉय सरकार को हिरासत में ले लिया।
27 दिसंबर 2025 को 19 वर्षीय मोहम्मद सराफत अहमद शुभो ने कोतवाली पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। उसने दावा किया कि यह शिकायत फरीदपुर जिले के सभी नागरिकों की ओर से की गई है।
पुलिस ने बताया कि जॉय सरकार अभी भी जेल में है और आरोपों की जाँच जारी है। थाना प्रभारी ने कहा कि अगर आरोप सही पाए गए तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसी किसी भी गतिविधि के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

