लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े धर्मांतरण और शोषण मामले में पीड़िता डॉक्टर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। पीड़िता अपने पिता के साथ 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुँची, जहाँ उसने अपने साथ हुई घटनाओं की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़िता की बात ध्यानपूर्वक सुनी और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँगे। यदि जाँच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उन पर भी समान रूप से कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जाँच के निर्देश दिए हैं।
यह मामला KGMU के MD पैथोलॉजी विभाग से जुड़ा है, जहाँ आरोपित डॉक्टर रमीज उद्दीन नायक पर शादी का झाँसा देकर शारीरिक शोषण, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल भी किया।
पीड़िता के अनुसार आरोपित पहले से शादीशुदा था और उसने यह बात पीड़िता से छिपाई थी। FIR के मुताबिक पीड़िता सितंबर में गर्भवती हुई थी और आरोपित ने जबरन गर्भपात का दबाव बनाया।
मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने 17 दिसंबर 2025 को आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन समय रहते उसकी जान बचा ली गई। मामले के सामने आने के बाद KGMU प्रशासन ने आरोपित डॉक्टर को निलंबित कर दिया है। पुलिस फिलहाल आरोपित की तलाश कर रही है।

