अमेरिका में भारतीय मूल की निकिता गोदिशाला की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपित एक्स-बॉयफ्रेंड भागकर आया भारत: दूतावास ने जारी किया बयान

अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में भारतीय मूल की 27 वर्षीय युवती निकिता गोदिशाला की हत्या की खबर सामने आई है। निकिता इस महीने की शुरुआत से लापता थीं, उनका शव कोलंबिया शहर के एक अपार्टमेंट से बरामद किया गया है। इस मामले में निकिता के पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया गया है। वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि वह निकिता गोदिशाला के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है।

प्रेमी ने ही दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

पुलिस का कहना है कि निकिता गोदिशाला एलिकॉट सिटी की रहने वाली थीं और 2 जनवरी 2026 को उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यह रिपोर्ट खुद अर्जुन शर्मा ने पुलिस को दी थी। उसने बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर 2025 की शाम अपने अपार्टमेंट में देखा था, जो कोलंबिया के ट्विन रिवर्स रोड इलाके में स्थित है।

जाँच के दौरान 3 जनवरी 2026 को जब पुलिस ने उसी अपार्टमेंट में तलाशी ली तो वहाँ निकिता का शव मिला, जिस पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे। शुरुआती जाँच में पुलिस का मानना है कि हत्या 31 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7 बजे के बाद की गई।

पुलिस ने अर्जुन को माना मुख्य आरोपित

26 वर्षीय अर्जुन शर्मा को पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित माना है। जाँच में सामने आया कि जिस दिन उसने निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, उसी दिन वह अमेरिका छोड़कर भारत चला गया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट मकसद सामने नहीं आया है और जाँच जारी है। आरोपित की तलाश में संघीय एजेंसियाँ भी स्थानीय पुलिस की मदद कर रही हैं।

भारतीय दूतावास ने जारी किया बयान

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, निकिता एक हेल्थकेयर प्रोफेशनल थीं और उनका डेटा एनालिटिक्स का बैकग्राउंड था। उन्होंने भारत से डॉक्टर ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई की थी और अमेरिका में हेल्थ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री हासिल की थी। अमेरिका और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि होने के कारण आरोपित को वापस लाने की प्रक्रिया संभव है। हालाँकि, इसमें समय लग सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जाँच के हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जा रही है और पीड़ित परिवार को नियमित जानकारी दी जाएगी।