अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी प्रदर्शनों को लेकर एक बार फिर सख्त बयान दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर लिखा कि ईरान आजादी की माँग कर रहा है और अमेरिका मदद के लिए तैयार है।

ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाएँ तेज हो गई हैं कि अमेरिका खामेनेई सरकार के खिलाफ कड़ा कदम उठा सकता है। इससे पहले भी ट्रंप कई बार चेतावनी दे चुके हैं कि अगर ईरानी सरकार प्रदर्शनकारियों पर हिंसा करती है तो अमेरिका चुप नहीं बैठेगा।
ट्रंप के बयान से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ईरान के प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया था। रुबियो ने कहा था कि अमेरिका ईरान के लोगों के साथ खड़ा है और राष्ट्रपति ट्रंप अपने बयानों को हल्के में नहीं लेते। उन्होंने साफ किया कि जब ट्रंप कोई बात कहते हैं, तो उसका मतलब वही होता है।
बता दें कि ईरान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। देश की गिरती मुद्रा के खिलाफ 28 दिसंबर 2025 को शुरू हुए विरोध प्रदर्शन अब दो हफ्ते से ज्यादा समय से जारी हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।
शुरुआत में तेहरान के बाजारों से उठी यह आवाज अब पूरे देश में फैल चुकी है। ईरान के सभी 31 प्रांतों और 100 से ज्यादा शहरों में लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।

