पाकिस्तान ने बमबारी कर 40 मस्जिदें उड़ाईं, कुरान जलाईं: इस्लाम के नाम पर बने मुल्क की करतूतें बलूच नेता ने दुनिया को बताईं

भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर में मस्जिदों-मदरसों की प्रोफाइलिंग के फैसले पर टांग अड़ाने वाले पाकिस्तान की बूलच नेता ने ही पोल खोल दी है। भारत को मस्जिदों को लेकर नसीहत दे रहे इस्लाम के नाम पर बने आतंकिस्तान को लेकर बलूचिस्तान के नेता मीर यार ने कहा है कि पाकिस्तान खुद ही मस्जिदें तोड़ने में लगा है।

मीर यार ने पाकिस्तान सरकार और उसकी फौज पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि जिस देश की फौज खुद बलूचिस्तान में मस्जिदों को निशाना बनाती रही हो, उसे भारत पर उँगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। इसके साथ ही मीर यार ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है और हिंदुओं, सिखों, ईसाइयों और दूसरे अल्पसंख्यकों को परेशान करने में शामिल है।”

कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान की बयानबाजी पर सवाल

जम्मू-कश्मीर में मस्जिदों और मस्जिद प्रबंधन समितियों की प्रोफाइलिंग को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने धार्मिक स्वतंत्रता का रोना रोया था। पाकिस्तान ने दावा किया कि यह कदम मुस्लिम समुदाय को डराने और हाशिए पर धकेलने की कोशिश है।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मीर यार ने कहा कि पाकिस्तान को पहले अपने रिकॉर्ड पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि ‘बलूचिस्तान गणराज्य’ इस मुद्दे पर भारत के सैद्धांतिक रुख के साथ खड़ा है और पाकिस्तान को दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने कृत्यों का हिसाब देना चाहिए।

बलूचिस्तान में मस्जिदें और अल्पसंख्यक निशाने पर

मीर यार ने X पर लिखा, “पाकिस्तान की बाहरी ताकतों ने बलूचिस्तान गणराज्य में लगभग 40 मस्जिदों को तबाह कर दिया है, जिसमें मस्जिदों पर सीधे बमबारी करना, कुरान जलाना और मस्जिदों के प्रमुखों का अपहरण करना शामिल है।”

मीर यार ने पाकिस्तान को अल्पसंख्यकों के दमन का प्रतीक बताते हुए कहा कि वहाँ हिंदू, सिख, ईसाई और अन्य समुदाय लंबे समय से उत्पीड़न झेल रहे हैं। उनके मुताबिक, पाकिस्तानी फौज कट्टरपंथी तत्वों का इस्तेमाल डर फैलाने के लिए करती है। ऐसे में पाकिस्तान को भारत, बलूचिस्तान और किसी अन्य देश को भी अल्पसंख्यक अधिकारों पर भाषण देने का हक नहीं है।

url – Baloch leader Mir Yar Baloch said Pakistan demolished more than 40 mosques Balochistan