ICC ने बांग्लादेश की सभी माँगें ठुकराईं, कहा- नहीं बदलेगा T20 विश्व कप का शेड्यूल: 21 जनवरी तक का समय, भारत आओ या खेलेगा स्कॉटलैंड

भारत की मेजबानी में अगले महीने शुरू होने जा रहे ICC टी20 विश्व कप 2026 के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की सभी माँगो को खारिज करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने साफ कर दिया है कि तय शेड्यूल में किसी भी तरह का बदलाव नहीं होगा।

ICC ने 21 जनवरी 2026 तक बांग्लादेश को अंतिम फैसला लेने की चेतावनी दी है, वरना टूर्नामेंट में उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जा सकता है।

ICC का सख्त रुख: कोई बदलाव नहीं होगा

ICC ने बांग्लादेश की सभी माँगों को खारिज कर दिया है। बोर्ड ने पहले अपने मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की माँग की थी, बाद में आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन ICC ने दोनों ही विकल्पों को अस्वीकार कर दिया।

परिषद का कहना है कि शेड्यूल, ग्रुपिंग और वेन्यू में बदलाव से ब्रॉडकास्टर्स, टिकटिंग पार्टनर्स और अन्य टीमों के लिए बड़ी अव्यवस्था पैदा होगी। ICC ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत में सुरक्षा व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है।

BCB भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर आशंका जता रहा है और इसी आधार पर टीम भेजने से इनकार कर रहा है। हालाँकि ICC द्वारा साझा की गई स्वतंत्र सुरक्षा रिपोर्ट में किसी भी टीम के लिए सीधे खतरे की बात सामने नहीं आई है।

पाकिस्तान ने भी अड़ाई टांग

इस पूरे मामले में अब पाकिस्तान भी कूद पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश ने ICC में बात न बनने के बाद पाकिस्तान से कूटनीतिक और क्रिकेट को लेकर समर्थन माँगा है। पाकिस्तान ने संकेत दिए हैं कि अगर बांग्लादेश की चिंताओं का समाधान नहीं हुआ तो वह भी अपनी भागीदारी पर दोबारा विचार कर सकता है।

हालाँकि पाकिस्तान पहले भी ऐसे संकेत देकर अंत में यू-टर्न लेता रहा है। ICC का कहना है कि अगर बांग्लादेश समय रहते सहमत नहीं होता, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किया जा सकता है।