‘मैंने मारा नहीं, मुक्ति दी’: गोवा में 2 महिलाओं की हत्या में गिरफ्तार रूसी नागरिक ने किया 15 मर्डर का दावा, गला रेतकर की हत्याएँ

गोवा पुलिस ने अलेक्सी लियोनोव नाम के एक रशियन नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी ही दो महिला मित्रों, एलेना वानीवा और एलेना कास्थानोवा की बेरहमी से गला रेतकर हत्या की। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपित ने पुलिस के सामने दावा किया कि उसने अब तक 15 महिलाओं को ‘मुक्ति’ दिलाई है। हालाँकि, पुलिस को अभी तक केवल दो हत्याओं के पुख्ता सबूत मिले हैं और आरोपित बार-बार अपने बयान बदल रहा है।

महज ₹100 के लिए कत्लेआम

पुलिस की पूछताछ में जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, यह कोई सोची-समझी साजिश नहीं बल्कि मामूली बात पर उपजा गुस्सा था। आरोपित अलेक्सी ने बताया कि एक महिला ने उससे कुछ पैसे उधार लिए थे, जबकि दूसरी ने उससे महज 100 रुपए का एक रबर का मुकुट (Crown) लिया था। जब उन्होंने ये चीजें वापस नहीं कीं, तो अलेक्सी ने आपा खो दिया और 14 व 15 जनवरी को अलग-अलग जाकर दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी।

सीरियल किलर या मानसिक बीमार?

गिरफ्तारी के बाद अलेक्सी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए 15 हत्याओं का जुमला उछाला। उसने कहा कि वह हत्या नहीं करता, बल्कि लोगों को जीवन से मुक्ति दिलाता है। उसने 5 अन्य लोगों के नाम भी लिए जिन्हें उसने मारने का दावा किया, लेकिन जाँच में वे सभी जिंदा मिले।

पुलिस का मानना है कि अलेक्सी मानसिक रूप से बीमार है और हर वक्त नशे में रहता है। उसके फोन से 100 से ज्यादा महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं, जिससे मामले में किसी बड़ी सनक का अंदेशा जताया जा रहा है।

मंड्रेम के जंगलों में सर्च ऑपरेशन

गोवा पुलिस अब उन तमाम जगहों पर छापेमारी कर रही है जहाँ अलेक्सी ठहरा था। उत्तरी गोवा के मंड्रेम, अरम्बोल और मोरजिम इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटा रही हैं और रशियन दूतावास से अलेक्सी का पिछला रिकॉर्ड माँगा गया है।

हालाँकि, आरोपित जाँच भटकाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से तफ्तीश कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि क्या वाकई उसके दावों में कोई सच्चाई है या यह सिर्फ एक नशेड़ी का मनगढ़ंत किस्सा है।