उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में हिंदू महिला डॉक्टर से लव जिहाद और धर्मांतरण के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जाँच के दौरान आरोपित डॉक्टर रमीज का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपित ने अपने मोबाइल से कई चैट और संपर्क नंबर डिलीट कर दिए थे, जिन्हें फोरेंसिक टीम की मदद से रिकवर करने की कोशिश चल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे उसके कथित नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी मिलेगी।
रमीज फिलहाल पुलिस रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा कारणों से रमीज से पूछताछ एक गोपनीय स्थान पर की जा रही है। इस दौरान पुलिस उसे कुछ संभावित ठिकानों पर भी लेकर गई है।
STF ने भी आरोपित से अलग से सवाल-जवाब किए हैं। धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के आरोपों पर रमीज ने कई सवालों पर चुप्पी साधी है, वहीं आगरा के डॉक्टर परवेज से संबंधों को लेकर भी उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
पुलिस ने पीड़िता से आरोपित का आमना-सामना नहीं कराया, क्योंकि पीड़िता ने इससे इनकार कर दिया था। इसके अलावा धर्मांतरण से जुड़े एक मौलाना और गवाह के बारे में भी उससे जानकारी ली गई है, जिसकी जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

