हरियाणा के गुरुग्राम में मोहम्मद आरिफ ने आरव बनकर हिंदू युवती को प्रेमजाल में फँसाकर निकाह कर लिया। इसके बाद खूब यातनाएँ दीं। युवती की गर्भपात कराने का प्रयास किया गया। उसे नमाज पढ़ने का दबाव बनाया और धर्म परिवर्तन करने को मजबूर किया। यह सारी साजिश हिंदू युवती को दुबई में बेचने की थी, उसका पासपोर्ट भी बनवा लिया गया था।
पीड़ित युवती के मुताबिक, साल 2022 में वह इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी। तभी तारिफ खान नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई और उसने अपने दोस्त आरव से परिचय कराया जिसने इंश्योरेंस खरीदने के बहाने युवती को प्रेम के झाँसे में फँसाया। आरव ने खुद को हिंदू बताया और कहा कि वो गुरुग्राम में ट्रांसपोर्ट कारोबारी है।
आरव ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाया और भरोसा जीतने के लिए मंदिर में शादी रचाई। इसके बाद युवती गर्भवती हुई, पर आरव ने गर्भपात करने को कहा। डॉक्टर ने 6 महीने की गर्भवती होने के चलते गर्भपात से खतरा बताया, जिसके बाद आरव ने युवती के साथ मारपीट की।
फिर जब युवती ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया, तब भी आरव वहाँ से फरार था। तब आरव के साथी तारिफ ने युवती को उसके मुस्लिम होने का सच बताया। युवती चौंक गई, लेकिन बच्चा होने के चलते मजबूर थी। तारिफ ने यह भी बताया कि आरिफ खान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
आरिफ के परिजनों ने की मारपीट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित युवती ने बताया कि साल 2023 में आरिफ उर्फ आरव उसे नूहं स्थित अपने घर ले गया। जहाँ उसकी अम्मी जैतूनी, बीवी अर्शिदा, भाई इरशाद, नोमेन और मोमेन ने युवती के साथ मारपीट की। यहाँ तक की नमाज पढ़ने का दबाव भी बनाया।
आरव उर्फ आरिफ ने युवती से यह भी कहा कि उसे दूसरी बेगम बनकर रहना होगा। युवती का नाम बदलकर जिया खान रख दिया गया। इसके बावजूद युवती धर्म बदलने के लिए तैयार नहीं हुई, तो उसका न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगे।
बुरी तरह पीटा, अब अस्पताल में भर्ती
युवती पर हो रहे अत्याचारों के चलते वह अपने बच्चे के भविष्य से डर गई और बच्चे को अपने माता-पिता के घर छोड़ दिया। और खुद राजीव नगर आकर किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद भी युवती को धर्म परिवर्तन करने की धमकी मिलती रहीं। युवती का आरोप है कि 26 जनवरी 2026 को आरिफ और उसके परिवार ने उसको बुरी तरह पीटा।
पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपितों के जाने के बाद युवती ने अपने माता-पिता को सारी बात बताई और वह उसे अस्पताल ले गए। जहाँ पीड़िता का इलाज जारी है। इसके बाद हिम्मत करके युवती ने आरिफ समेत उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर 14 पुलिस थाने में हरियाणा गैरकानूनी धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम और मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित आरिफ और उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
झूठा धर्म बताकर शादी करके,मारपीट व जान से मारने की धमकी देकर जबरन धर्म परिवर्तन का प्रयास करने के मामले में 02 आरोपी गुरुग्राम पुलिस ने किए गिरफ्तार।
— Gurugram Police (@gurgaonpolice) January 28, 2026
आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता को प्रेमजाल में फंसाकर फर्जी पहचान के आधार पर विवाह करके दिया था वारदात को अंजाम।… pic.twitter.com/HnUoel0OuQ
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपितों ने कहा कि यह सब योजनाबद्ध तरीके से किया गया था। अब पुलिस दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करेगी।

