गुजरात ATS ने रविवार (25 जनवरी 2026) को नवसारी के चारपुल इलाके से 22 साल के फैजान शकील सलमानी को आतंकवाद के आरोप में गिरफ्तार किया। फैजान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के दुडवाला गाँव का निवासी है और जैश-ए-मोहम्मद व अल-कायदा से जुड़े नेटवर्क से संबंध रखता था। जाँच में खुलासा हुआ है कि उसने दिल्ली और उत्तर प्रदेश की चर्चित हस्तियों को निशाना बनाने की साजिश रची थी और सात लोगों की हत्या की सूची तैयार की थी।
इस सूची में गौ रक्षक दक्ष चौधरी, अभिषेक ठाकुर, गौरव राजपूत, डॉ प्रकाश, युधि राणा, अक्कू पंडित और विक्रांत के नाम शामिल थे। फैजान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इन सभी को कुत्तों की मौत देने की धमकी दी थी और कहा था कि उन्हें इस तरह मारा जाएगा कि पूरी दुनिया देखेगी।
— Janak Dave (@dave_janak) January 27, 2026
आतंकवादी फैजान ने ATS की पूछताछ में कबूल किया है कि वह जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैबा जैसे आतंकी संगठनों के संपर्क में था और उनके इशारे पर किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार था। जाँच के दौरान उसके पास से उर्दू और अरबी में लिखे 29 पन्नों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनमें संदिग्ध और कट्टरपंथी सामग्री शामिल है।
ATS को फैजान की इंस्टाग्राम ID ‘al.faizangaza’ भी मिली है। उसके सोशल मीडिया पोस्ट और चैट से खुलासा हुआ है कि वह पिछले 6–7 महीनों से टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए ‘मोहम्मद अबू बकर’ नाम के व्यक्ति के संपर्क में था। जाँच में सामने आया है कि यही अबू बकर उसे कट्टरपंथी इस्लामी नेटवर्क और आतंकी समूहों से जोड़ रहा था।

इंस्टाग्राम पर आतंकवादी फैजान ने जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े भड़काऊ वीडियो, भाषण और कट्टरपंथी साहित्य साझा किए थे। जाँच में सामने आया है कि वह जैश सरगना मसूद अजहर और रऊफ असगर से गहराई से प्रभावित था और उनके लिए जान देने व दूसरों की हत्या करने तक को तैयार था।

जाँच में सामने आया है कि फैजान ने अपने मोबाइल फोन में लाल किले पर फहराए गए काले इस्लामी झंडे, कश्मीर को भारत से अलग दिखाने वाले नक्शे, ‘आजाद कश्मीर’ के झंडे और “2026 तक कुफ़्फ़ार के कब्जे वाले मुस्लिम क्षेत्रों का अवलोकन” जैसी भड़काऊ तस्वीरें और सामग्री सहेज रखी थी।
ATS को उसके फोन से बड़ी मात्रा में संदिग्ध और कट्टरपंथी कंटेंट भी मिला है, जिसमें “अल-कायदा क्यों?” जैसे शीर्षकों के तहत युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने वाले लेख और प्रचार सामग्री शामिल हैं।

विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर गुजरात ATS ने फैजान को नवसारी के जरवाद इलाके में अक्सा मस्जिद के पास स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में फैजान ने कबूल किया कि उसने यह हथियार करीब छह महीने पहले उत्तर प्रदेश से हासिल किया था और उसका मकसद पैगंबर का कथित अपमान करने वालों को निशाना बनाना था।

