पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उसकी टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के साथ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। पाकिस्तान के इस फैसले पर ICC ने खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी है।
यह फैसला आधिकारिक तौर पर पाकिस्तानी सरकार ने एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “पाकिस्तान की इस्लामी रिपब्लिक सरकार ने ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के भाग लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ तय मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी।”

यह मुकाबला 15 फरवरी 2026 को होना तय था और दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा गया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने ICC के बांग्लादेश को बाहर निकालने के फैसले का विरोध किया था। तब यह तय था कि पाकिस्तान भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा, बावजूद पाकिस्तान ने क्रिकेट टीम की घोषणा की।
ICC की पाकिस्तान को चेतावनी
पाकिस्तान के भारत के साथ मुकाबला न खेलने के फैसले पर ICC ने नाराजगी जताई है। ICC ने साफ कहा कि अगर पाकिस्तान अपने इस फैसले पर कायम रहता है, तो ICC नियमों के अनुसार यह मैच उनके लिए ‘फोर्फिट’ माना जाएगा, यानी उनके पूरे 20 ओवर उनके रन रेट में गिने जाएँगे और उन्हें दो अंक के नुकसान का सामना करना पड़ेगा, जिससे उनकी ग्रुप-स्तर पर स्थिति कमजोर हो सकती है।
ICC ने इस स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है और स्पष्ट किया है कि विश्व क्रिकेट के व्यापक हित, प्रतियोगिता की निष्पक्षता और सभी टीमों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेलना आवश्यक है। ICC ने PCB को इस फैसले के ‘दीर्घकालिक और महत्वपूर्ण प्रभावों’ पर विचार करने का भी अनुरोध किया है। अगर पाकिस्तान फैसले पर कायम रहता है तो टीम को वर्ल्ड कप से बैन भी किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC के नियमों के अनुसार वे कई उपाय हैं जिनके तहत पाकिस्तान को भविष्य में भी कड़े परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। जैसे PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) के लिए विदेशी खिलाड़ियों को NOC न देना, PSL की अंतरराष्ट्रीय मान्यता पर असर हो सकता है।
इसके अलावा पाकिस्तान को ICC से मिलने वाले राजस्व को रोका जा सकता है, एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) और ICC पाकिस्तान को एशिया कप से बाहर कर सकते हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान को ICC टूर्नामेंट्स की मेजबानी से पाकिस्तान को वंचित किया जा सकता है, जो देश के क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और छवि के लिए बड़ा झटका होगा।

