शहजाद पूनावाला की माँ को कार ने पीछे से मारी टक्कर, हालत गंभीर: Video आया सामने, BJP प्रवक्ता बोले- ‘जानबूझकर चढ़ाई गाड़ी’

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की माँ एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। यह घटना तब हुई जब वह अपनी कार में गैस भरवाने के लिए रुकी थीं और बाहर इंतजार कर रही थीं। शहजाद ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी माँ की हालत नाजुक है और उनकी जल्द ही सर्जरी होनी है।

शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि एक शख्स ने जानबूझकर उन पर कार चढ़ाई और फिर मौके से फरार हो गया। शहजाद ने पुणे पुलिस और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से न्याय की गुहार लगाई है।

तहसीन पूनावाला ने इस पूरी घटना का CCTV वीडियो साझा किया है। वीडियो में दिख रहा है कि एक सफेद कार अचानक पीछे आती है और वहाँ खड़ी बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर लगते ही वह जमीन पर गिर जाती हैं।

तहसीन ने बताया कि उनकी माँ ड्राइवर के साथ बाहर गई थीं। शहजाद इस घटना से काफी दुखी हैं। उन्होंने आरोपित को सख्त सजा दिलाने की माँग की है। पुलिस फिलहाल गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही है।