भारत और अमेरिका के बीच घोषित अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क को लेकर शनिवार (7 फरवरी 2026) को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने भारत के लिए कई उत्पादों पर जीरो टैरिफ लागू करने का फैसला किया है।
इसमें जेम्स एंड ज्वैलरी, फार्मा उत्पाद, स्मार्टफोन, मशीनरी पार्ट्स, विमान के पुर्जे, एल्यूमिनियम और जिंक से जुड़े सामान, आवश्यक तेल, प्राकृतिक रबर, मसाले, चाय-कॉफी, काजू, नारियल, वनस्पति तेल, फल-सब्जियाँ, प्रोसेस्ड फूड और कई अन्य वस्तुएँ शामिल हैं। इससे भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बड़ी राहत मिलेगी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि इस समझौते में भारत ने अपने किसानों और डेयरी सेक्टर के हितों से कोई समझौता नहीं किया है। अमेरिका को कृषि और डेयरी उत्पादों पर किसी भी तरह की टैरिफ छूट नहीं दी गई है, ताकि घरेलू किसानों पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।
Addressing a Press Conference on the #IndiaUSJointStatement. https://t.co/S1E3Q3Yv4K
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) February 7, 2026
पीयूष गोयल ने कहा कि इस फ्रेमवर्क से लगभग 30 ट्रिलियन डॉलर की अमेरिकी अर्थव्यवस्था का विशाल बाजार भारत के लिए कम टैरिफ पर खुल गया है। गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर औसत टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है, जो चीन, वियतनाम और इंडोनेशिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम है। इससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता मजबूत होगी।

