अमेरिका के टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद ब्रैंडन गिल ने टेक्सास के डलास और उसके आसपास के इलाकों में ‘इस्लामीकरण’ को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, “स्थानीय मॉल में जाना ऐसा लगता है जैसे आप डलास नहीं, पाकिस्तान में हों।”
ब्रैंडन गिल टेक्सास के 26वें कॉन्ग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करते हैं और 2024 में पहली बार कॉन्ग्रेस के लिए चुने गए थे। वह खुद को सीमा सुरक्षा, सरकारी खर्च में कटौती और अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर केंद्रित नेता बताते हैं।
डलास में हो रहा है इस्लामीकरण: गिल का आरोप
‘रियल अमेरिकाज वॉइस’ को दिए एक इंटरव्यू में ब्रैंडन गिल ने कहा, “मैं अपने मतदाताओं से लगातार सुनता हूँ कि वे डलास क्षेत्र में हो रहे इस्लामीकरण को लेकर गहराई से और बेहद चिंतित हैं। हम अपनी उन बस्तियों, संस्कृति और जगहों को बदलते हुए देख रहे हैं जिन्हें हम जानते और प्यार करते हैं। मेरे मतदाता भी चिंतित हैं और मैं भी चिंतित हूँ।”
उन्होंने आगे कहा, “आप सुनते हैं कि मस्जिदें उस जमीन के पास बन रही हैं, जिसे उनके परिवार पीढ़ियों से सँभालते आ रहे हैं। पूरे-पूरे समुदाय बदलते जा रहे हैं। लोग बताते हैं कि जब वे अपने स्थानीय मॉल में जाते हैं और चारों ओर देखते हैं तो ऐसा लगता है जैसे आप डलास, टेक्सास में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हैं। यह एक समस्या है।”
इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने दावा करते हुए कहा, “टेक्सास के लोगों को मॉल जाने पर ऐसा महसूस नहीं होना चाहिए कि वे पाकिस्तान में हैं। बहुत अधिक इस्लामी प्रवासन उस अमेरिका को खत्म कर रहा है, जिसे हम जानते और पसंद करते हैं।”
Texans shouldn’t go to the mall and feel like they’re in Pakistan.
— Congressman Brandon Gill (@RepBrandonGill) February 6, 2026
Mass Islamic migration is killing the America we know and love. pic.twitter.com/me2UyKpqcy
ब्रैंडन गिल के बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि वह यह बयान अपनी भारतीय मूल की पत्नी डेनिएल डीसूजा गिल को खुश करने के लिए दे रहे हैं। डेनिएल प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी कमेंटेटर और ट्रंप समर्थक दिनेश डिसूजा की बेटी हैं।

