ICC की चेतावनी के बाद निकली पाकिस्तान की हेकड़ी, बॉयकॉट के फैसले पर लिया यू-टर्न: अब तय तारीख पर होगा भारत के साथ मैच

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला तय तारीख 15 फरवरी 2026 को ही होगा। पाकिस्तानी सरकार ने बॉयकॉट के फैसले से यू-टर्न ले लिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ बातचीत में पाकिस्तान ने यह फैसला लिया है। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने बताया कि यह फैसला श्रीलंका और बांग्लादेश की अपील पर लिया गया है।

दरअसल, बांग्लादेश का साथ देते हुए पाकिस्तान ने भारत के साथ मुकाबला खेलने से इनकार किया था। लेकिन ICC ने चेतावनी दी थी कि इसकी पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। इसी डर से ICC के सामने पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े। पाकिस्तान ने भारत के साथ मुकाबला खेलने को हामी भर दी। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है।

पाकिस्तानी सरकार ने प्रेस रिलीज जारी कर अपने यू-टर्न के फैसले की वजहें बताई। पाकिस्तान सरकार ने यह भी कहा कि उन्होंने ग्लोबल क्रिकेट के लिए और श्रीलंका औ बांग्लादेश का ख्याल रखते हुए भारत के साथ 15 फरवरी 2026 को मैच खेलने के लिए अपना मन बनाया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि बहिष्कार वापस लेने का सरकार का फैसला बांग्लादेश, श्रीलंका और UAE सहति ‘मित्र देशों’ के अनुरोधों के साथ-साथ बहुपक्षीय चर्चाओं के माध्यम से प्राप्त परिणामों से प्रभावित था। उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला क्रिकेट की भावना की रक्षा करने और सभी भागीदार देशों में इस वैश्विक खेल की निरंतरता का समर्थन करने के उद्देश्य से लिया गया है।

बता दें कि इससे पहले जब बांग्लादेश ने भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने से इनकार किया, तब पाकिस्तान ने भी उसके समर्थन में भारत के साथ मुकाबला खेलने से बॉयकॉट का ऐलान किया था। हालाँकि, तब भी ICC का रुख सख्त था और पाकिस्तान को इस बॉयकॉट के नकारात्मक प्रभाव झेलने की चेतावनी दी थी। इसके बाद ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ICB) की लंबी बातचीत में भारत-पाकिस्तान मुकाबला खेलने की बात बनी।