महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने मंगलवार (10 फरवरी 2026) को बुधवर पेठ के रेड लाइट इलाके में एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर हड़कंप मचा दिया। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनके दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की जा रही है।
साथ ही, कुछ नाबालिग लड़कियों को भी सुरक्षा और पहचान की पुष्टि के लिए फरासखाना पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। बुधवार (11 फरवरी 2026) को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई अवैध गतिविधियों और मानव तस्करी पर लगाम लगाने के मकसद से की गई है।
#WATCH | #Pune Police Conduct Midnight 'Combing' Operation In #BudhwarPeth; 50+ Houses Searched
— Free Press Journal (@fpjindia) February 11, 2026
Read: https://t.co/lNIDRegq5d#Maharashtra #punenews @AnkitShukla5454 pic.twitter.com/huwBDIsrDo
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के आदेश पर भारी पुलिस बल ने इस इलाके की करीब 50 इमारतों की तलाशी ली। इस मेगा ऑपरेशन के दौरान कुल 426 महिलाओं और 290 पुरुषों की पहचान जाँची गई।
इलाके में 5 जगहों पर नाकेबंदी कर सैकड़ों लोगों और वाहनों की भी तलाशी ली गई। इसी दौरान पुलिस ने 31 साल के एक युवक को ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया, जिसके पास से चरस और नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि संदिग्धों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सुरक्षा के लिहाज से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

