पाकिस्तान की इंटरनेशनल बेइज्जती, हॉकी टीम को बिल न भरने पर होटल से निकाला: खिलाड़ी सड़क पर खड़े होकर करते रहे इंतजार, मैच में भी मिली हार

पाई-पाई को मोहताज पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर किरकिरी हुई है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई पाकिस्तान की राष्ट्रीय हॉकी टीम को कैनबरा पहुँचते ही भारी बेइज्जती झेलनी पड़ी। दरअसल, होटल का भुगतान (Payment) न हो पाने की वजह से उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई, जिसके कारण खिलाड़ी और अधिकारी कई घंटों तक होटल के बाहर सड़क पर भटकने को मजबूर रहे।

टीम यहाँ FIH प्रो लीग के मुकाबले खेलने पहुँची थी, लेकिन उसे आराम के बजाय मानसिक तनाव मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया गया था कि चार सितारा होटल का पूरा भुगतान हो चुका है, लेकिन पहुँचने पर पता चला कि उनके नाम कोई बुकिंग ही नहीं है।

टाइम जोन के अंतर के कारण टीम प्रबंधन पाकिस्तान में अपने खेल बोर्ड से तुरंत संपर्क भी नहीं कर पाया। थका देने वाली यात्रा के बाद कई घंटों तक होटल की लॉबी और बाहर इंतजार करने के बाद होटल ने कुछ ही कमरे दिए, जिसमें दो-तीन खिलाड़ियों को एक साथ रुकना पड़ा।

इस अव्यवस्था का असर खेल पर भी दिखा और पाकिस्तान अगले दिन अपना मैच 2-3 से हार गया। गौरतलब है कि इससे पहले अर्जेंटीना में भी खिलाड़ियों को भत्ता नहीं मिला था। वित्तीय संकट में फँसी यह टीम अब तक प्रो लीग के अपने सभी छह मैच हार चुकी है।