महाराष्ट्र सरकार-TATA ट्रस्ट-नाम फउंडेशन ने मिलाया हाथ, किसानों-ग्रामीणों के लिए 13 MOU साइन: नाना पाटेकर बोले- अब पैसों की कोई कमीं नहीं, हम काम पर रखेंगे फोकस

महाराष्ट्र में स्वास्थ्य, पोषण और जल संरक्षण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने वाला है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में गुरुवार (12 फरवरी 2026) को राज्य सरकार ने टाटा ट्रस्ट्स के साथ 12 और अभिनेता नाना पाटेकर के नाम फाउंडेशन के साथ 1 अहम समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

दक्षिण मुंबई के सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम फडणवीस ने कहा कि इन स्वैच्छिक संस्थाओं के साथ साझेदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक प्रभावी ढँग से पहुँचेगा।

स्वास्थ्य और पोषण पर रहेगा विशेष ध्यान

टाटा ट्रस्ट्स के साथ हुए समझौतों के तहत सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण की रोकथाम और टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाएगी। नागपुर के छह अस्पतालों के साथ सस्ती और सुलभ चिकित्सा के लिए सहमति बनी है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री राहत कोष के जरिए गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक मदद दी जाएगी। शहरी और दूरदराज के इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने पर भी जोर रहेगा।

जल संरक्षण: नाना पाटेकर के ‘नाम फाउंडेशन’ का बढ़ा दायरा

अभिनेता नाना पाटेकर ने बताया कि इस समझौते के बाद जल संरक्षण कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने साझा किया कि अब तक 1065 गाँवों में काम हो चुका है और अब लक्ष्य इसे 1500 गाँवों तक पहुँचाना है।

नाम फाउंडेशन विदर्भ और मराठवाड़ा जैसे सूखा प्रभावित क्षेत्रों में नदियों-झीलों की सफाई और भूजल रिचार्ज का काम करेगा। अब तक 26 बांध और 198 नदी रिचार्ज कार्य पूरे हो चुके हैं, जिससे 63 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं।