कश्मीर के कुलगाम जिले में ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक तस्कर की करीब 1.5 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर दी है। यह कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत की गई है और इसे ड्रग माफिया की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई संपत्तियाँ मनिगाम गाँव में स्थित हैं। इनमें छह दुकानें, पाँच गोदाम, एक टिन शेड और एक प्लिंथ शामिल हैं। ये सभी व्यावसायिक ढाँचे बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनकी बाजार कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपए के करीब माना जा रहा है और पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
जाँच एजेंसियों के अनुसार, यह संपत्ति मोहम्मद अशरफ खांडे की है, जो कुलगाम के निपोरा इलाके का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि वह लंबे समय से बड़े स्तर पर ड्रग तस्करी में शामिल था और अवैध कमाई से ही उसने ये संपत्तियाँ खरीदी थीं।
यह कार्रवाई NDPS एक्ट की धारा 68-एफ के तहत की गई है, जिसके तहत अपराध से अर्जित संपत्ति को अटैच किया जा सकता है। पुलिस ने साफ कहा है कि ड्रग नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

