मुंबई में PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की मुलाकात, 114 राफेल खरीद पर लगेगी मुहर: संस्कृति से लेकर रक्षा और सिक्योरिटी के मुद्दों पर चर्चा

तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुँचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने हाथ मिलाकर गर्मजोशी से अपने दोस्त इमैनुएल मैक्रों का स्वागत किया। मुंबई के लोक भवन में दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग, व्यापार और AI तकनीक के क्षेत्र में द्विपक्षीय वार्ती होनी है। इस दौरान सबसे अहम 114 राफेल विमानों की डील भी हो सकती है।

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी ने इमैनुएल मैक्रों संग मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मुंबई में अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई! उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद आया और उन्होंने आज सुबह अपनी दौड़ का भी खूब आनंद लिया।”

इससे पहले इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ मुंबई 26/11 आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुँचे। फ्रेंच दूतावास ने इसी जानकारी देते हुए कहा, “इमैनुएल मैक्रों ने 26/11 हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी, जिनमें दो फ्रांस के नागरिक भी शामिल थे। फ्रांस आतंकवाद की घोर निंदा करता है और इस बुराई के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लोक भवन में होने वाली इस बैठक में अब तक दोनों देशों के बीच हुए कामों का जायजा लिया जाएगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन नए क्षेत्रों में मिलकर आगे बढ़ा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बातचीत में खासतौर पर AI और नई उन्नत तकनीकों पर सहयोग बढ़ाने की बात हो सकती है।

इसके अलावा दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे। इंडो-पैसिफिक क्षेत्र जैसे अहम विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इससे यह भी साफ होगा कि नई दिल्ली और पेरिस के बीच रणनीतिक समझ लगातार मजबूत हो रही है।