माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में भाषण नहीं देंगे। गेट्स फाउंडेशन ने गुरुवार (19 फरवरी 2026) को स्पष्ट किया है कि उसके चेयरमैन बिल गेट्स इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाषण नहीं देंगे। गेट्स को इस समिट के चौथे दिन मुख्य वक्तव्य (कीनोट एड्रेस) देना था लेकिन अब उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
गेट्स फाउंडेशन ने बताया है कि संस्थान की ओर से अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समिट में शामिल होंगे। इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में खबरें आई थीं कि गेट्स अपने भारत दौरे के दौरान एआई समिट में शामिल नहीं होंगे। हालाँकि, उस समय फाउंडेशन ने इन खबरों का खंडन किया था।
— Gates Foundation India (@BMGFIndia) February 19, 2026
बिल गेट्स का नाम एपस्टीन फाइल्स में आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही थी। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर काफी चर्चा और विरोध हो रहा है। इन्हीं दस्तावेजों में बिल गेट्स का नाम भी आने का दावा किया गया है। एक ईमेल में एपस्टीन ने आरोप लगाया कि गेट्स ने उनसे निजी मामलों में मदद माँगी थी। हालाँकि, इन दावों की अभी तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इन आरोपों पर गेट्स की तरफ से साफ इनकार किया गया है। उनके प्रवक्ता ने कहा है कि ये दावे झूठे और बेतुके हैं।
गौरतलब है कि बिल गेट्स इस सप्ताह की शुरुआत में भारत पहुँचे थे और उन्होंने आंध्र प्रदेश का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। यात्रा के दौरान आंध्र प्रदेश में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से संचालित कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में राज्य की क्षमता को मजबूत करना है।

