पुणे के रेड लाइट एरिया में पकड़ी गईं 11 बांग्लादेशी महिलाएँ, मिले फर्जी आधार कार्ड: वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू

महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने बुधवार (18 फरवरी 2026) की रात शहर के कुख्यात रेड लाइट इलाके बुधवार पेठ में कई देह व्यापार स्थलों पर छापेमारी की। इस दौरान कुल 22 महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जिनमें 11 बांग्लादेशी महिलाएँ भी शामिल हैं। वे फर्जी आधार कार्ड के सहारे पिछले कुछ महीनों से पुणे में अवैध रूप से रह रही थीं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों की गहन जाँच में इनके पास मौजूद पहचान पत्र फर्जी पाए गए। इसके बाद सभी 11 महिलाओं के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम यानी PITA के तहत मामला दर्ज किया गया है।

साथ ही देह व्यापार संचालित करने वाले दलालों और इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरे अभियान की निगरानी स्वयं पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि इस धंधे में शामिल सभी लोगों, दलालों और संबंधित इमारतों की जाँच कर सख्त कदम उठाए जाएँगे।

पुलिस ने यह भी बताया कि हिरासत में ली गई बांग्लादेशी महिलाओं को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की जाँच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।