मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार (19 फरवरी 2026) की रात करीब नौ बजे दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान मुस्लिम भीड़ की ओर से मारपीट और ग्रिल में तोड़फोड़ के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आजाद चौक इलाके में हुए बवाल के दौरान जमकर पथराव, मारपीट और तोड़फोड़ हुई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटना सिहोरा के वार्ड क्रमांक पाँच स्थित आजाद चौक की है, जहाँ दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने स्थित हैं। गुरुवार (19 फरवरी 2026) की रात मंदिर में आरती चल रही थी, इसी दौरान कुछ मुस्लिम मस्जिद में नमाज करने पहुँच गए। अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गई।
मुस्लिम भीड़ ने नारेबाजी की और मंदिर के बाहर लगी ग्रिल में तोड़फोड़ के बाद माहौल और बिगड़ गया।
मुस्लिम भीड़ ने की पत्थरबाजी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मामूली सी बहस के बाद मुस्लिमों की भीड़ जुटने लगे और मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में पथराव होने लगा, जिससे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कथित तौर पर आसपास की एक इमारत की छत से भी पत्थरबाजी किए जाने की बात सामने आई है
अचानक हुए हमले और अफरा-तफरी के कारण कई लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन हालात को देखते हुए जबलपुर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय स्वयं मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। देर रात तक संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई और लोगों से घरों में रहने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। देर रात खुले प्रतिष्ठानों को भी बंद कराया गया।
#WATCH | Jabalpur, Madhya Pradesh: SP, Jabalpur Sampat Upadhyay says, "… An incident of stone pelting occured in Azad chowk… Police reached the spot and controlled the crowd… More than 15 people have been arrested… " (19.02) pic.twitter.com/veqFRHGcL7
— ANI (@ANI) February 20, 2026
15 से अधिक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अब तक 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

