सुबह AI समिट में 16 शीर्ष CEO संग राउंडटेबल, दिनभर कूटनीति: पीएम मोदी ने कीं 7 बैक-टू-बैक द्विपक्षीय बैठकें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को दिल्ली में आयोजित ‘AI समिट’ में भारत की तकनीकी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। दिन की शुरुआत में पीएम ने 16 शीर्ष एआई (AI) और डीप-टेक स्टार्टअप्स के CEO के साथ एक खास राउंडटेबल बैठक की।

इस बैठक का मुख्य मकसद भारत को दुनिया का ‘एआई हब’ बनाना और घरेलू स्टार्टअप्स को ग्लोबल लेवल पर पहचान दिलाना था। पीएम ने युवाओं को मंत्र दिया कि वे खेती, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों के लिए ऐसे एआई समाधान तैयार करें जो पूरी दुनिया के काम आ सकें।

बैठक के बाद पीएम मोदी ने कूटनीतिक मोर्चे पर मोर्चा संभालते हुए लगातार 7 द्विपक्षीय मुलाकातें कीं। उन्होंने श्रीलंका, मॉरीशस, लिकटेंस्टाइन और स्लोवाक गणराज्य के नेताओं के साथ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश पर लंबी चर्चा की।

इसके साथ ही पीएम ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और OpenAI व Qualcomm जैसी दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों के प्रमुखों से भी मुलाकात की। इन मुलाकातों में भारत में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम बनाने और एआई रिसर्च पर निवेश बढ़ाने पर सहमति बनी। पीएम ने साफ किया कि जैसे UPI ने दुनिया बदली, वैसे ही भारतीय एआई अब पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा।