MP के इंदौर में कॉन्ग्रेसियों का हंगामा, पथराव के साथ फेंकी बोतलें और टमाटर: भाजपा नेत्री समेत 15 से अधिक घायल, कॉन्ग्रेस अध्यक्ष सहित 20 पर FIR

मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार (21 फरवरी 2026) को कॉन्ग्रेस कार्यालय गाँधी भवन के बाहर उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब भाजपा और कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं की आर से पथराव के साथ-साथ पानी की बोतलें और टमाटर फेंकी जाने लगी।

घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें भाजपा नेत्री बिंदू चौहान भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 कॉन्ग्रेस नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

AI समिट में कॉन्ग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन

दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कॉन्ग्रेस ने इंडिया-US ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने PM मोदी पर आरोप लगाते हुए शर्टलेस मार्च किया था, जिसे BJP ने कॉन्ग्रेस की जलन और देशद्रोह बताया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा ने देशभर में कॉन्ग्रेस कार्यालयों के घेराव का आह्वान किया था।

इसी कड़ी में इंदौर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और भाजपा कार्यकर्ता गाँधी भवन पहुँचे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई, जो जल्द ही पथराव में बदल गई। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन उग्र कॉन्ग्रेसियों ने हालात को और बिगाड़ दिया।

इस झड़प को देखते हुए इंदौर में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और स्थानीय निवासी दहशत में आ गए। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए मौके पर बल तैनात किया और देर रात शहर कॉन्ग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कॉन्ग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत कुल 20 नेताओं पर केस दर्ज किया।

घटना में भाजपा नेत्री बिंदू चौहान के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिन्हें इलाज के लिए CAHL अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी हल्की चोटें आईं। इसके बाद आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता पंढरीनाथ थाने पहुँचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की माँग को लेकर प्रदर्शन किया।

भाजपा नगर अध्यक्ष ने बताया- पहले से जमा कर रखे थे पत्थर

कॉन्ग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है, जबकि भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले से पत्थर और सड़े टमाटर जमा कर रखे थे और अचानक हमला किया गया। उनका कहना है कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने पहुँचे थे, लेकिन कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं की उग्रता के कारण स्थिति बिगड़ गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच की जा रही है। CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँगे, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।