सिंगापुर दौरे के पहले दिन CM योगी ने UP को दी ₹19,877 करोड़ की सौगात, कौशल विकास से लेकर तकनीकी क्षेत्र में हुए समझौते: विदेशी कंपनियों ने दिल खोलकर किया इन्वेस्ट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के पहले ही दिन राज्य को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और संस्थाओं के साथ हुए समझौते के तहत कुल ₹19,877 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी। यह निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए इन उच्चस्तरीय बैठकों में निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार निवेशकों को पारदर्शी नीतिगत ढाँचा, त्वरित स्वीकृतियाँ, बेहतर कानून-व्यवस्था और आधुनिक बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

₹19877 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सहमति

सीएम योगी के दौरे के पहले दिन जिन प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, उनमें शहरी विकास, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा और कृषि आधारित सौर परियोजनाएँ शामिल हैं।कुल मिलाकर 19,877 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया।

इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

यूनिवर्सल एक्सेस ग्रुप का ₹6,650 करोड़ का प्रस्ताव

यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप ने उत्तर प्रदेश में ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक पार्क और डेटा सेंटर परियोजनाओं के विकास के लिए ₹6,650 करोड़ निवेश करने का प्रस्ताव दिया है। इस निवेश से राज्य में शहरी बुनियादी ढाँचे का विस्तार होगा और औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएँ तेजी से बढ़ते शहरीकरण को समर्थन देंगी, जबकि लॉजिस्टिक पार्क प्रदेश को एक मजबूत सप्लाई चेन नेटवर्क प्रदान करेंगे। इसके साथ ही डेटा सेंटर परियोजनाएँ डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सशक्त बनाएँगी, जिससे IT और ITS सेक्टर को लाभ होगा।

गोल्डन स्टेट कैपिटल का ₹8000 करोड़ का निवेश

इसी क्रम में गोल्डन स्टेट कैपिटल (GSC) ने उत्तर प्रदेश में 100 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर की स्थापना के लिए 8000 करोड़ निवेश करने की घोषणा की है। यह परियोजना राज्य को देश के अग्रणी डेटा सेंटर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

डेटा सेंटर की स्थापना से डिजिटल सेवाओं, क्लाउड कंप्यूटिंग, ई-गवर्नेंस और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निवेश प्रदेश में तकनीकी क्षेत्र के विस्तार और विदेशी निवेश को आकर्षित करने में मददगार साबित होगा।

ग्रीन एनर्जी में PIDG का ₹2,500 करोड़ का समझौता

प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ग्रुप (PIDG) ने उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और एग्री-पीवी (कृषि सह सोलर) परियोजनाओं में ₹2500 करोड़ निवेश करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किए।

इसके अलावा AVPN लिमिटेड ने भी नवीकरणीय ऊर्जा और एग्री-पीवी क्षेत्र में ₹2,727 करोड़ निवेश करनी की प्रतिबद्धता जताई है। यह निवेश उत्तर प्रदेश में सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गति देगा।

कौशल विकास के क्षेत्र में भी हुआ समझौता

साथ ही निवेश प्रस्तावों के साथ-साथ सीएम योगी ने कौशल विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की। TVET प्रणाली को मजबूत करने के लिए ITE एजुकेशन सर्विसेस (ITEES) के साथ सहयोग समझौते पर साइन किए गए।