असम के सिलचर में बॉयफ्रेंड के सामने 28 साल की युवती से 7 लोगों ने किया गैंगरेप, SUV से ओवरटेक कर रोकी थी गाड़ी: ₹10000 भी वसूले, अब तक 2 अरेस्ट

असम के सिलचर में 28 साल की एक युवती के साथ चाकू की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म का  मामला सामने आया है। घटना 19 फरवरी की शाम की है, जब युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ बायपास रोड पर कार में बैठी थी।

आरोप है कि 7 युवक अपनी SUV से वहाँ पहुँचे, दोनों को घेर लिया और युवती के साथ एक-एक कर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपितों ने उससे 10000 रुपए भी जबरन अपने खाते में ट्रांसफर कराए। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुनसान सड़क पर वारदात, चाकू दिखाकर किया रेप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने पहले उससे और उसके दोस्त से उनके ठिकाने के बारे में पूछा और फिर अचानक दोनों को पकड़ लिया। वहाँ करीब सात लोग मौजूद थे। कुछ ने उसके दोस्त को पकड़ कर रखा, जबकि बाकी ने उसके सामने ही एक-एक कर दुष्कर्म किया।

जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में पुलिस इस मामले पर चुप थी। लेकिन मंगलवार (24 फरवरी 2026) को मामला तब तूल पकड़ गया जब सिलचर के एक पत्रकार पर आरोपित के परिवार वालों ने हमला कर दिया। इसके बाद यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने दो आरोपितों की पहचान की, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी पाँच आरोपितों की तलाश जारी है। मामला सिलचर सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज है और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस किया गया है।

पत्रकार  सुरजीत चक्रवर्ती ने बताया कि आरोपित के परिवार ने उसे नेशनल हाईवे रोड पुलिस स्टेशन के पास रोका और रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए फिर मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया। जिसके  बाद पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।