PM मोदी ने लॉन्च किया देशव्यापी HPV टीकाकरण अभियान, 14 साल की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी सुरक्षा: ‘स्वस्थ नारी’ के संकल्प पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (28 फरवरी 2026) को राजस्थान के अजमेर से एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की उम्र की लड़कियों को ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (HPV) का टीका लगाया जाएगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर को रोकना और देश की बेटियों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करना है। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया (X) पर साझा किया कि देश की बेटियों को स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। यह अभियान भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य यात्रा में एक बड़ा बदलाव लाएगा, जो सुरक्षा और समानता पर आधारित है।

कैंसर से बचाव की बड़ी पहल

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह टीकाकरण अभियान सरकार के ‘स्वस्थ नारी’ विजन का हिस्सा है। विशेषज्ञों का मानना है कि 14 साल की उम्र में यह वैक्सीन लगने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह कदम न केवल इलाज बल्कि बीमारी से बचाव (Prevention) की दिशा में भारत की एक निर्णायक जीत मानी जा रही है।