प्रधानमंत्री पुडुचेरी और तमिलनाडु की यात्रा पर हैं। उन्होने 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात पुडुचेरी को दिया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए रिकॉर्ड 12 लाख करोड़ रुपए रखे हैं। इसका फायदा पुडुचेरी के लोगों को भी मिलेगा।
पुडुचेरी को ‘राज्यों को पूँजी निवेश के लिए विशेष सहायता’ योजना के तहत शामिल किया गया है, जो पहले केवल राज्यों के लिए खुली थी। पीएम ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अधिक फंडिंग का मतलब बेहतर सड़कें, पानी की आपूर्ति, तटीय क्षेत्रों में बुनियादी ढाँचा का विकास, स्कूल और अस्पताल हैं। इससे पुडुचेरी की जनता को काफी फायदा मिलेगा।
Vanakkam Puducherry!
— Narendra Modi (@narendramodi) March 1, 2026
Delighted to be among my sisters and brothers of Puducherry for the launch of several development works. The double-engine NDA government has worked extensively for the welfare of the people. pic.twitter.com/Acs1Swj0WF
उन्होंने आगे कहा कि पुडुचेरी में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, औद्योगिक प्रगति, शिक्षा, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा और निरंतर ग्रोथ को बनाए रखने के लिए ये परियोजनाएँ शुरू की गई हैं।
पुडुचेरी की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस प्रदेश ने प्रति व्यक्ति आय में जबरदस्त वृद्धि की है। एनडीए की डबल इंजन सरकार आगे भी पुडुचेरी के विकास को नई ऊँचाई पर ले जाएगी।
किन किन परियोजनाओं की मिली सौगात
प्रधानमंत्री एनएच-332ए के मरक्कनम-पुडुचेरी सेक्शन और एनएच-87 के परमकुडी-रामनाथपुरम सेक्शन को फोर-लेन बनाने की आधारशिला भी रखी। पुडुचेरी क्षेत्र के निवासियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने और जल आपूर्ति प्रणालियों में सुधार के उद्देश्य से विभिन्न जल आपूर्ति परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।
पीएम ने 750 एकड़ में फैले करासूर-सेदरापेट औद्योगिक क्षेत्र को राष्ट्र को समर्पित किया। इस परिसर में एक फार्मा पार्क, टेक्सटाइल पार्क, आईटी पार्क के साथ-साथ आईआईटी मद्रास का अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र और जेआईपीएमईआर की उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएँ स्थापित की जाएँगी। इससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी ने ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 41 ग्रामीण सड़कों के निर्माण, पुडुचेरी में हेरिटेज टाउन (विरासत शहर) के विकास और मिष्टी (मैंग्रोव इनिशिएटिव फॉर शोरलाइन हैबिटैट्स एंड टैंजिबल इनकम) योजना के अंतर्गत मैंग्रोव संरक्षण कार्यों का भी शिलान्यास किया।
राज्य को पूँजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता (एसएएससीआई- स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट) योजना के तहत शहरी सड़कों, जल निकासी नेटवर्क, सार्वजनिक भवनों, छात्र छात्रावासों और खेल सुविधाओं जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़ी अलग-अलग परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।

