दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार (2 मार्च) को दिल्ली सरकार की चार बड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की।
बीजेपी सरकार की पहली वर्षगाँठ के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने मुफ्त बस सफर के लिए ‘पिंक सहेली’ स्मार्ट कार्ड, ‘लखपति बिटिया’ योजना और एलपीजी सिलेंडर के लिए कैश ट्रांसफर जैसी सुविधाओं का तोहफा दिया। इस दौरान एलजी वीके सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं।
President Droupadi Murmu graced the event ‘Sashakt Nari, Samriddh Delhi’, organised by the Government of NCT Delhi in New Delhi. The President said that a woman will truly be empowered when she has the ability to make independent decisions, can live a life with self-respect, and… pic.twitter.com/12uJtboA7y
— President of India (@rashtrapatibhvn) March 2, 2026
बेटियों के लिए ‘लखपति बिटिया’ और लाड़ली स्कीम
सरकार ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू की है। इसके तहत जन्म से ही बच्ची के नाम पर किश्तों में पैसे जमा किए जाएँगे, जो 21 साल की उम्र तक 1 लाख रुपए से ज्यादा हो जाएँगे। यह पैसा उनकी उच्च शिक्षा या प्रोफेशनल ट्रेनिंग में काम आएगा। इसके साथ ही ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ अभियान के तहत ‘दिल्ली लाड़ली योजना’ के 40,642 लाभार्थियों के खाते में सीधे 100 करोड़ रुपए से ज्यादा ट्रांसफर किए गए।
अब ‘पिंक सहेली’ कार्ड से होगा मुफ्त सफर
महिलाओं के लिए बस का सफर अब और आसान होने वाला है। राष्ट्रपति ने ‘पिंक सहेली नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ लॉन्च किया है। अब महिलाओं को बस में मुफ्त सफर के लिए कागज वाली गुलाबी पर्ची (पिंक स्लिप) लेने की जरूरत नहीं होगी। बस कार्ड टैप किया और सफर शुरू, 3 मार्च से नेहरू प्लेस, कश्मीरी गेट और द्वारका जैसे 50 केंद्रों पर आधार कार्ड दिखाकर ये स्मार्ट कार्ड बनवाए जा सकेंगे। जब तक कार्ड नहीं बनते, तब तक पुरानी पर्चियाँ चलती रहेंगी।
होली-दिवाली पर एलपीजी के लिए मिलेंगे पैसे
गरीब परिवारों को राहत देते हुए सरकार ने राशन कार्ड धारकों के खातों में 130 करोड़ रुपए भेजे हैं। कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, अब हर साल होली और दिवाली पर गरीब परिवारों को एलपीजी सिलेंडर खरीदने के लिए 850 रुपए सीधे उनके बैंक खाते में (DBT) दिए जाएँगे। बदरपुर की निवासी ऋचा सिंह ने बताया कि होली से ठीक पहले मिले इन पैसों से घरेलू बजट संभालने में बड़ी मदद मिली है।
राष्ट्रपति का संदेश: सशक्त महिला से ही बनेगा विकसित भारत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब महिलाएँ सुरक्षित और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होंगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी भरोसा जताया कि इन योजनाओं से दिल्ली की बहन-बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे।

