जंग के बीच खाड़ी देशों से भारत लौटे 10000 लोग, ईरान से 3000 को वापस लाया गया: सबने मोदी सरकार को कहा- Thank You

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बीच खाड़ी देशों में जंग तेज हो गई है। इस बीच कई भारतीय भी इन देशों में फँसे हुए थे। इनमें से 10 हजार भारतीय सुरक्षित भारत वापस लौट चुके हैं। इसमें ईरान से करीब 3 हजार भारतीयों को विशेष विमान से भारत वापस लाया गया है।

मिडिल ईस्ट में जारी संकट के बाद मंगलवार (03 मार्च 2026) सुबह एअर इंडिया की फ्लाइट दुबई से दिल्ली पहुँची। इस फ्लाइट के आने से दुबई में फँसे यात्रियों को बड़ी राहत मिली। एअर इंडिया ने यात्रियों के साथ तस्वीरें भी साझा की हैं। इसमें करीब 149 भारतीय यात्री सवार थे।

वहीं कुवैत से भी करीब ढाई हजार भारतीय वापस लौटे हैं। लेबनान में हमलों के कारण बेरुत से भी 1500 से अधिक भारतीय वापस लौट रहे हैं, जबकि UAE और कतर से करीब 3 हजार भारतीयों ने वापसी की है। इन सभी भारतीयों को भारत सरकार की मदद से वापस लाया गया है।

सरकार ने एअर इंडिया की विशेष फ्लाइट से मुंबई और दिल्ली तक का सफर पूरा करवाया है। इसके अलावा केरल के कोच्चि और कोझिकोड, अमृतसर और लखनऊ में भी खाड़ी देशों से लौट रहे प्रवासियों के लिए विशेष केंद्र बनाए गए हैं। वापस लौटने के बाद भारतीयों ने भारत सरकार और एअर इंडिया का आभार जताया है।