भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप जीत लिया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप चैंपियन भी बना है। टीम इंडिया की इस शानदार उपलब्धि पर देशभर में जश्न का माहौल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं और खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई! यह शानदार जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का प्रतीक है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया।”
Champions!
— Narendra Modi (@narendramodi) March 8, 2026
Congratulations to the Indian team on winning the ICC Men’s T20 World Cup!
This remarkable triumph reflects exceptional skills, determination and teamwork. They have shown outstanding grit through the tournament.
This victory has filled every Indian heart with…
जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार ने माथे से लगाई पिच की मिट्टी
फाइनल मुकाबला जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक भावुक पल कैमरे में कैद हो गया। जीत का जश्न मनाते समय उन्होंने मैदान की पिच की मिट्टी को हाथ से उठाकर अपने माथे से लगाया। बता दें कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा रहा है, बावजूद इसके पिछली हार का हवाला देते हुए स्टेडियम पर ही दोष मढ़ा जा रहा था।
वहीं जीत के बाद सूर्या ने इसी स्टेडियम की मिट्टी को माथे से लगाया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और प्रशंसकों ने इसे खेल के मैदान के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया। जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार, मुख्य कोच गौतम गंभीर और ICC चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद के एक हनुमान मंदिर में भी पहुँचे और भगवान का आशीर्वाद लिया।
#WATCH | Gujarat: ICC Chairman Jay Shah, Team India Head Coach Gautam Gambhir, along with Skipper Surya Kumar Yadav, offered prayers at the Hanuman Temple in Ahmedabad.
— ANI (@ANI) March 8, 2026
The Men in Blue crushed New Zealand by 96 runs to lift the #ICCT20WorldCup2026 pic.twitter.com/71SWAraDre
फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए तेज शुरुआत दिलाते हुए शुरुआती ओवरों में ही बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 52 रन बनाए।
इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

