सऊदी अरब के अल-खरज शहर में गिरी ईरानी मिसाइल से धमाका, 2 बांग्लादेशी मरे: भारतीय दूतावास ने बताया- किसी इंडियन की मौत नहीं, सिर्फ 1 नागरिक घायल

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब के अल-खरज शहर में एक रिहायशी इमारत पर ईरान की ओर से बमबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं। भारत के लिए राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है।

हालाँकि एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है, जिसका इलाज अल-खरज के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है। सोमवार (9 मार्च 2026) को रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर इस घटना की जानकारी दी और कहा कि दूतावास लगातार सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है।

भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा, “यह राहत की बात है कि कल शाम अल-खरज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। इस मुद्दे को लेकर दूतावास संबंधित सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है। काउंसलर (CW) श्री वाई सबीर ने कल रात अल-खरज का दौरा किया और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। वह फिलहाल अल-खारज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहा है।”

अल-खरज में प्रोजेक्टाइल गिरने से दो की मौत

सऊदी अरब के जनरल डायरेक्टरेट ऑफ सिविल डिफेंस के अनुसार, यह प्रोजेक्टाइल अल-खारज गवर्नरेट के एक रिहायशी इलाके में गिरा। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सिविल डिफेंस ने बताया कि मरने वाले दोनों लोग बांग्लादेशी नागरिक थे।

एजेंसी के मुताबिक, इस घटना में 11 बांग्लादेशी नागरिक घायल हुए हैं, जबकि एक भारतीय नागरिक को भी चोट आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

वहीं संघर्ष के कारण वैश्विक तेल कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर इससे ईरान के परमाणु खतरे को खत्म किया जा सकता है तो तेल की कीमतों में अल्पकालिक बढ़ोतरी स्वीकार्य है।

उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “शॉर्ट टर्म तेल की कीमतें, जो ईरान के न्यूक्लियर खतरे के खत्म होने पर तेजी से गिरेंगी, USA और दुनिया, सुरक्षा और शांति के लिए चुकाने के लिए बहुत छोटी कीमत है। सिर्फ बेवकूफ ही अलग सोचेंगे!”