इंदौर में BJP नेता के बेटे इरफान काजी पर लव जिहाद का आरोप, मोहित यादव बनकर हिंदू युवती को फाँसा: रेप के बाद धर्मांतरण का दबाव, पढ़ें- FIR में क्या लिखा है

इंदौर में एक बार फिर कैफे के जरिए प्रेम जाल रचकर युवतियों के शोषण का मामला सामने आया है। डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ी एक युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने इरफान काजी उर्फ फरहान के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में FIR दर्ज की है। FIR की कॉपी ऑपइंडिया के पास मौजूद है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि आरोपित ने अपोलो हाइट्स स्थित ‘द कॉफी कॉन्सेप्ट’ कैफे में खुद को मोहित यादव बताकर दोस्ती की। धीरे-धीरे नंबर एक्सचेंज हुए और मुलाकातें बढ़ीं। एक दिन आरोपित ने गीता नगर स्थित अपने फ्लैट पर बुलाकर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।

इसके बाद आरोपित का व्यवहार बदल गया। पीड़िता के अनुसार, उसने लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर न्यूड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और इसी डर से बार-बार दुष्कर्म किया।

एफआईआर की कॉपी

पीड़िता ने विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों संतोष वर्मा और सागर के साथ पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से मुलाकात की। कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाने को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया और मंगलवार को पीड़िता का धारा 164 के तहत न्यायालय में बयान दर्ज होगा।

पुलिस को संदेह है कि आरोपित कैफे और सोशल मीडिया के माध्यम से कई युवतियों से संपर्क बनाता था। मोबाइल जाँच से और खुलासे हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि आरोपित का अब्बू शरीफुद्दीन काजी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ा हुआ है और वो हातोद क्षेत्र का सरपंच भी है।

विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और हिंदूवादी कार्यकर्ता संतोष वर्मा ने ऑपइंडिया से बताया कि आरोपित फरहान उर्फ इरफान काजी आदतन अपराधी है। वो कई हिंदू लड़कियों को निशाना बना चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपित की तरफ से पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। संतोष वर्मा ने बताया कि वो जल्द ही कमिश्नर से मिलकर इस मामले की भी शिकायत करेंगे। उन्होंने माँग की है कि आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपित का नाम नवंबर 2024 में भी विवादों में आया था, जब हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गोम्मटगिरि के पास अरिहंत नगर में उसे एक 24 वर्षीय हिंदू युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। उस समय मोबाइल में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिले थे, लेकिन युवती ने शिकायत नहीं की तो केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई।

स्थानीय संगठनों का कहना है कि उस समय सख्त कार्रवाई होती तो यह मामला दोबारा नहीं होता। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। यह घटना शहर में कैफे और सोशल मीडिया के जरिए बनने वाली दोस्तियों के पीछे छिपे अपराधों पर सवाल खड़े कर रही है।

(ऑपइंडिया ने शरीफुद्दीन काजी के बीजेपी से जुड़े होने की खबरों पर इंदौर-सिटी के अध्यक्ष सुमित मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। हमने इंदौर महिला थाना से भी फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। इस मामले में अन्य जानकारियाँ आने पर रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा। )