कुंभ मेले की वायरल ब्यूटी मोनालिसा बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ पहुँची केरल के थम्पनूर पुलिस स्टेशन, अपने परिवार से सुरक्षा की लगाई गुहार: मंदिर में की शादी

कुंभ मेले में अपनी खूबसूरत आँखों और मुस्कान की वजह से वायरल हुई माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा भोसले ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ तिरुवनंतपुरम मंदिर में शादी कर ली। मोनालिसा अब एक मॉडल और अभिनेत्री हैं। वो दोनों रिलेशनशिप में थे। अब दोनों ने शादी कर ली है।

हाल ही में मोनालिसा ने केरल पुलिस से अपने पिता और परिवार के दूसरे सदस्यों से सुरक्षा माँगने के लिए संपर्क किया। दरअसल मोनालिसा का परिवार फरमान खान के साथ उसके रिश्ते के सख्त खिलाफ है। लेकिन अब परिवार की नाराजगी के बीच उन्होंने फरमान खान के साथ सात फेरे ले लिए है।

रिपोर्ट के मुताबिक, मोनालिसा अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ थम्पनूर पुलिस स्टेशन पहुँची और अपने परिवार की नाराजगी की बात कहते हुए सुरक्षा देने की बात की। मोनालिसा ने पुलिस को बताया है कि वह और फरमान डेढ़ साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में हैं और अभी केरल के पूवर में एक साथ वे दोनों एक फिल्म में काम कर रहे हैं। उसने आगे कहा कि उसके माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ हैं और किसी दूसरे आदमी से शादी करने के लिए जोर डाल रहे हैं।

पुलिस ने दोनों से बातचीत की और सुरक्षा का भरोसा देते हुए दोनों को वापस भेज दिया गया। मलयालम मीडिया ने बताया है कि मोनालिसा कुछ हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में गेस्ट और मॉडल के तौर पर भी दिखी हैं। कई नेताओं और बिजनेसमैन के साथ भी उनकी फोटो देखी गई हैं। हाल ही में वह मशहूर चेम्मनूर ज्वैलर्स के एक इवेंट में भी शामिल हुई थीं।