सीबीएसई के 12वीं मैथ्स पेपर का QR कोड स्कैन करते ही खुला यूट्यूब, ‘Never Gonna Give You Up’ बजा: सोशल मीडिया पर ‘रिकरोल’ मीम बना मुद्दा

सोशल मीडिया पर  CBSE की 12वीं कक्षा के मैथमेटिक्स और एप्लाइड मैथमेटिक्स के क्वेश्चन पेपरको लेकर एक अजीब मामला चर्चा में आ गया। सोमवार (9 मार्च 2026) को आयोजित परीक्षा के क्वेश्चन पेपर के फ्रंट पेज पर लगा QR कोड स्कैन करने पर कुछ यूजर्स के मोबाइल में यूट्यूब खुलने लगा, जिसमें विदेशी म्यूजिक चल रहा था।

सामान्यतः यह QR कोड प्रश्नपत्र के कोड और उसकी पहचान सत्यापित करने के लिए दिया जाता है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर छात्रों और शिक्षकों के बीच इसको लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई और कई जगहों पर इसे लेकर बोर्ड की खिल्ली भी उड़ाई जा रही है।

ऑनलाइन वायरल पोस्ट्स के मुताबिक, QR कोड स्कैन करने पर यूजर्स को 1987 में रिलीज हुए रिक एस्टली के मशहूर गाने Never Gonna Give You Up के वीडियो पर रीडायरेक्ट किया जा रहा था। इंटरनेट पर इस तरह के मजाक को रिकरोल मीम कहा जाता है, जिसमें किसी लिंक को स्कैन या ओपन करने पर अचानक यही गाना चलने लगता है।

हालाँकि इस पूरे मामले पर CBSE ने सफाई देते हुए कहा कि क्वेश्चन पेपर पूरी तरह जेन्युइन हैं और उनकी सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं हुआ है। बोर्ड के अनुसार, क्वेश्चन पेपर में कई सुरक्षा फीचर होते हैं, जिनमें QR कोड भी शामिल है।

कुछ सेट में स्कैन करने पर यूट्यूब लिंक खुलने की बात सामने आई है, लेकिन बोर्ड ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।