जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ फारूक अब्दुल्ला बुधवार (11 मार्च 2026) को एक बड़े आतंकी हमले जैसी साजिश का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश स्थित ‘होटल रॉयल पार्क’ में एक शादी समारोह के दौरान एक हमलावर ने उन पर बेहद करीब से बंदूक तान दी। सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और आरोपित को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना का विवरण और सुरक्षा चूक
यह घटना उस समय हुई जब डॉ अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी एक पार्टी नेता के बेटे के विवाह समारोह से लौट रहे थे। CCTV फुटेज के अनुसार, हमलावर पीछे से उनके बिल्कुल करीब पहुँचा और निशाना साधा। इससे पहले कि वह गोली चला पाता, जेड-प्लस सुरक्षा टीम ने उसे जमीन पर पटक दिया। मौके पर मौजूद डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने इसे सुरक्षा में भारी चूक बताया है। उन्होंने कहा कि जहाँ पूर्व CM और वर्तमान डिप्टी सीएम मौजूद हों, वहाँ ऐसी घटना होना व्यवस्था की पोल खोलती है।
हमलावर का चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस ने आरोपित की पहचान 63 वर्षीय कमल सिंह जमवाल (पुरानी मंडी निवासी) के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड लाइसेंसी पिस्तौल बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपित ने दावा किया कि वह पिछले 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला की हत्या की योजना बना रहा था और यह उसका ‘व्यक्तिगत एजेंडा’ था।
बता दें कि घटना के वक्त हमलावर नशे में धुत था और खुद को एक अज्ञात जागरण मंच का अध्यक्ष बता रहा है। पकड़े जाने के बाद वहाँ मौजूद कार्यकर्ताओं ने आरोपित की जमकर पिटाई की। पुलिस ने उसकी पिस्तौल जब्त कर ली है और मामले की गहन जाँच की जा रही है।

