प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी। इस किस्त के तहत देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए राशि पहुँचाई गई। उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसान इस योजना से सबसे ज्यादा लाभान्वित हुए हैं। उनके खातों में इस बार 4335.11 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए।
प्रदेश के किसानों को अब तक कुल 99,003.69 करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है। 21 किस्तों में 94,668.58 करोड़ रुपये मिलने के बाद 22वीं किस्त के साथ यह आँकड़ा बढ़ गया। देश के कुल लाभार्थियों में लगभग 23 प्रतिशत किसान उत्तर प्रदेश से हैं, जो इस योजना में प्रदेश की अग्रणी भूमिका को दर्शाता है। मोदी-योगी सरकार की डबल इंजन वाली नीतियों का यह परिणाम है कि किसानों की आय और सम्मान दोनों बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में हर बार 2,000 रुपए के रूप में सीधे बैंक खातों में पहुँचती है। योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। तब से यह योजना करोड़ों किसानों के लिए मजबूत आर्थिक सहारा बन चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री द्वारा 22वीं किस्त जारी करने पर आभार व्यक्त किया। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, “कृषक-कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता एक बार फिर करोड़ों अन्नदाताओं के जीवन में विश्वास और संबल लेकर आई है। इस किस्त के तहत ₹18,640 करोड़ से अधिक की सम्मान राशि सीधे 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में पहुँची है जिसमें उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसान भी लाभान्वित हुए हैं। यह पहल किसानों के जीवन को सुगम बनाने और खेती को नई शक्ति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
कृषक-कल्याण के प्रति आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की प्रतिबद्धता आज एक बार फिर करोड़ों अन्नदाताओं के जीवन में विश्वास और संबल लेकर आई है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 13, 2026
पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के रूप में ₹18,640 करोड़ से अधिक की सम्मान राशि सीधे 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक… pic.twitter.com/b2WYIhldS1
बता दें कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक लाभ पाने वाला राज्य बना हुआ है। योजना शुरू होने के बाद से अब तक प्रदेश के किसानों को लगभग एक लाख करोड़ रुपए की राशि मिल चुकी है। यह आँकड़ा किसानों के कल्याण के प्रति सरकार की गंभीरता को साबित करता है।

