भारत ने अफगानिस्तान पर ‘कायराना’ हमले के लिए पाकिस्तान को लताड़ा, कहा- अपनी विफलताएँ छिपाने के लिए पड़ोस में फैलाता है हिंसा

भारत ने 16 मार्च की रात काबुल स्थित ‘ओमिद नशामुक्ति अस्पताल’ पर पाकिस्तान द्वारा किए गए बर्बर हवाई हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इसे कायरतापूर्ण कृत्य बताते हुए कहा कि पाकिस्तान एक नरसंहार को सैन्य अभियान का रूप देने की कोशिश कर रहा है। इस हमले में बड़ी संख्या में आम नागरिकों की जान गई है, जिसे किसी भी सैन्य लक्ष्य के आधार पर उचित नहीं ठहराया जा सकता।

भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान का यह कदम अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुला उल्लंघन और क्षेत्रीय शांति के लिए सीधा खतरा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला पाकिस्तान के उस रवैये को दर्शाता है जिसमें वह अपनी आंतरिक विफलताओं को छिपाने के लिए पड़ोसी देशों में हिंसा फैलाता है।

भारत ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि यह हमला ‘रमजान’ के महीने में किया गया है, जो शांति और दया का समय होता है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों को जवाबदेह ठहराने की माँग की है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़े होने का संकल्प दोहराया है।