अमेरिका-इजरायल का ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर बड़ा हमला, परमाणु सामग्री का नहीं हुआ रिसाव: जवाब में सऊदी अरब की ओर ड्रोन और मिसाइल हमले

अमेरिका और इजरायल ने शनिवार (21 मार्च 2026) को ईरान के नतांज परमाणु संवर्धन केंद्र पर हमला किया। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा इस अहम परमाणु साइट को निशाना बनाया गया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, हमले के बावजूद इलाके में किसी भी तरह के रेडियोधर्मी रिसाव की खबर नहीं है और आसपास के लोगों को तत्काल कोई खतरा नहीं बताया गया है। इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इधर ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज करते हुए सऊदी अरब और इजरायल पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की नई लहर शुरू कर दी है।

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने दावा किया है कि उन्होंने अपने दुश्मनों को करारा झटका दिया है। इसके अलावा ईरान ने हिंद महासागर में स्थित अमेरिका-ब्रिटेन के सैन्य अड्डे डिएगो गार्सिया को भी निशाना बनाया। ईरान ने इस बेस पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक को इंटरसेप्ट कर लिया गया जबकि दूसरी बीच रास्ते में ही फेल हो गई।