उन्होंने कहा कि अधिकारी पीड़ितों को बगैर भय के आगे आने और अपनी आपबीती साझा करने में मदद करने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले की जाँच एक विशेष जांच दल को सौंप दी गई है।
फडणवीस ने कहा, “बेबुनियाद दावे करने का कोई मतलब नहीं है। खरात मामला बेहद गंभीर है। खुफिया जानकारी के आधार पर हमने ही इस मामले का खुलासा किया था और अब पीड़ितों—विशेष रूप से महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कुछ महिलाएं पहले ही आगे आकर अपनी बात शेयर कर चुकी हैं।
पूरे मामले की निगरानी वरिष्ठ स्तर पर की जा रही है। पुलिस महानिदेशक को भी इस मामले की देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं। एसआईटी का गठन किया गया है और नासिक के पुलिस आयुक्त SIT के साथ मिलकर इस मामले पर काम कर रहे हैं।”
Nagpur, Maharashtra: On Nashik astrologer Ashok Kharat's case, Chief Minister Devendra Fadnavis says, "There is no point in making baseless claims. The Kharat case is extremely serious. It was exposed by us based on intelligence inputs, and now efforts are being made to encourage… pic.twitter.com/qSdNzwJHeh
— IANS (@ians_india) March 22, 2026
सीएम फडणवीस ने कहा कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मुद्दे की संवेदनशीलता को देखते हुए विपक्ष को राजनीति नहीं करने को कहा।
मुद्दे का राजनीतिकरण न करे विपक्ष- सीएम फडणवीस
ज्योतिषी खरात पर लगे आरोपों की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए सीएम फडणवीस ने विपक्ष को राजनीति नहीं करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले में विपक्ष के कई सदस्यों की संलिप्तता से जुड़े सबूत हैं। विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा, “इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिशें की जा रही हैं। अगर किसी के पास सबूत हैं, तो उन्हें पेश करना चाहिए ताकि कार्रवाई की जा सके।”
उन्होंने कहा कि मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। सीएम के मुताबिक, वे इस बात का सबूत दे सकते हैं कि विपक्ष से कौन-कौन लोग इसमें शामिल थे और उनके पास सबसे ज्यादा सबूत हैं, लेकिन वे पुलिस के पास हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई करना पुलिस का काम है, उनका नहीं है।
फडणवीस ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज कर दिया कि उनकी सरकार में खरात को तरजीह दी गई। उन्होंने आगे कहा कि सरकार हर उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती, जिसने कभी खरात से मुलाकात की हो।
सीएम फडणवीस ने कहा कि यह महिलाओं की गरिमा से जुड़ा है और पुलिस अपराधी को सज़ा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “खरात से मिलने वालों में से जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लेकिन अगर हम सिर्फ उससे मिलने के आधार पर हर किसी के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दें, तो आप जानते हैं कि यह मामला कितनी दूर तक जाएगा। उसे नियम तोड़ कर पहले पानी की मंजूरी किसने दी थी? 40 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन किसने बिछवाई थी? इन तथ्यों को पहले ही उजागर किया जा चुका है, इसलिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।”
सीएम ने कहा कि यह महिलाओं की गरिमा से जुड़ा है। महिलाओं का शोषण करने के लिए अपने प्रभाव का दुरुपयोग करना सबसे जघन्य अपराधों में से एक है। चाहे कुछ भी हो जाए, दोषी को सजा भुगतनी ही पड़ेगी। सरकार और पुलिस सभी आवश्यक कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।
खरात के साथ वायरल तस्वीरों के बाद महाराष्ट्र महिला आयोग प्रमुख का इस्तीफा
फडणवीस का यह बयान महाराष्ट्र महिला आयोग की प्रमुख रूपाली चाकणकर के इस्तीफा देने के एक दिन बाद आया है। चाकणकर ने खरात के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की माँग कर रहा था। इसको देखते हुए सीएम फडणवीस ने चाकणकर से इस्तीफा माँग लिया।
उन्होंने मीडिया को बताया कि चाकणकर के खरात के साथ करीबी संबंध थे और वह उन्हें अपना मार्गदर्शक मानती थीं। इसलिए उनके पद पर बने रहते हुए निष्पक्ष जाँच संभव नहीं हो पाती।
मुख्यमंत्री ने कहा, “वह महिला आयोग की अध्यक्ष हैं, और जिस व्यक्ति ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया, उसकी करीबी हैं। वह खरात को अपना मार्गदर्शक मानती थीं। ऐसी स्थिति में इन सभी मामलों में न्याय नहीं हो पाता। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया और इस्तीफा दे दिया।”
Nagpur, Maharashtra: On resignation of Maharashtra State Women’s Commission Chairperson and NCP leader Rupali Chakankar, Chief Minister Devendra Fadnavis says, "She is the chairperson of the Women’s Commission, and she had a close relationship with the person who mistreated women… pic.twitter.com/kJEWAeVT6O
— IANS (@ians_india) March 22, 2026
मामला क्या है?
खुद को ज्योतिषी कहने वाले खरात पर एक 35 साल की महिला ने रेप का आरोप लगाया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला ने कहा था कि खरात ने महाराष्ट्र के नासिक में कुछ धार्मिक अनुष्ठान करने के बहाने उसके साथ बलात्कार किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 67 साल के खरात ने बलात्कार करने से पहले उसे नशीला पदार्थ खिलाया और सम्मोहित कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को नासिक स्थित उसके फार्महाउस से गिरफ्तार कर लिया। उसके फार्महाउस की तलाशी भी ली गई। इस दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और कई खाली कारतूस बरामद किए।

