तालिबान के डर से बंद दरवाजों के पीछे होगा PSL का आयोजन, नहीं होगी कोई ओपनिंग सेरेमनी: पाकिस्तान के फूले हाथ-पाँव, सिर्फ लाहौर-कराची में होंगे मैच

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जंग का असर अब पाकिस्तान के क्रिकेट पर भी दिख रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पीएसएल को लेकर कई प्रतिबंध लगाए हैं।

पीएसबी के मुताबिक, अब पाकिस्तान सुपर लीग बिना दर्शकों के खेला जाएगा। इसकी वजह पश्चिम एशिया में चल रहे जंग और तालिबानी हमले को बताया गया है। मैच सिर्फ दो शहरों लाहौर और कराची में खेला जाएगा और वह भी बगैर दर्शकों के।

मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि 26 मार्च 2026 से मैच शुरू होने वाला है। जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक बाकी 7 शहरों में मैच नहीं होगा। नकवी के मुताबिक, पीएसएल एक इंटरनेशनल ब्रांड है और इसमें कई विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इसलिए सुरक्षा को देखते हुए दर्शकों की एंट्री बैन की गई है साथ ही अब ओपनिंग सेरेमनी भी नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि टुर्नामेंट को रद्द नहीं कर सकते, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पाकिस्तान सरकार से बातचीत के बाद ये फैसला लिया गया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान PCB के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसकों से माफी भी माँगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की आवाजाही को सीमित करने का फैसला फ्रैंचाइजी मालिकों और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मिल कर लिया है।