हैदराबाद के सैयद अयूब का नया वीडियो, पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल बाँटते दिखा: ‘भारत माता की जय’ का नारा सुनते ही तिलमिलाया, जा चुका है जेल

ईद से कुछ ही दिन पहले हैदराबाद के ‘मुल्ला’ सैयद अयूब का एक विवादित वीडियो सामने आया था। वीडियो में उसने मुस्लिमों से सड़कों पर नमाज पढ़ने की अपील की थी। अब उसका एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पेट्रोल पंप पर लोगों को फ्री में पेट्रोल दे रहा है। वीडियो में उसे भारत माता की जय बोलने वालों पर नाराज होते हुए भी देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो में सैयद अयूब हैदराबाद के एक पेट्रोल पंप पर लोगों को पेट्रोल से भरी बॉटल बाँट रहा है। इसी दौरान कुछ लोग ‘भारत माता की जय’ बोलने लगते हैं। इस पर वह नाराज हो जाता है। वह कहता है, “भारत माता की जय मत बोलो मेरी जान, मुसलमान हमेशा आगे रहा, हिंदुस्तान में जब भी कोई मुसीबत आई मुसलमान आगे रहा, यहाँ पर रिलीजियस मत लाओ, यहाँ पर हिंदू मुसलमान सब एक हैं।”

सोचने वाली बात है कि एक तरफ तो वो सबके एक होने और हिंदुस्तान के साथ होने की बातें कर रहा वहीं दूसरी तरफ लोगों के ‘भारत की माता जय’ बोलने पर खिसियाता दिख रहा है।

कौन है सैयद अयूब? अवैध फंडिंग और धोखाधड़ी के लिए हो चुका है गिरफ्तार

खुद को NGO ‘हैदराबाद यूथ करेज’ का ऑर्गनाइजर बताने वाले सैयद अयूब के इंस्टाग्राम पर करीब 20 लाख फॉलोअर्स हैं। अप्रैल 2024 में हैदराबाद पुलिस ने उस पर धोखाधड़ी और अवैध धन उगाही के आरोप में शिकायत दर्ज की थी। उस पर गाजा संकट का हवाला देकर धन जुटाने और उसके उपयोग को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप है।

शिकायत में उसके NGO के खिलाफ कार्रवाई की भी माँग की गई और अनुरोध किया गया कि ‘हैदराबाद यूथ करेज’ के सोशल मीडिया पेजों को ब्लॉक कर दिया जाए। साल 2020 में, हैदराबाद टास्क फोर्स पुलिस ने उन्हें उसी NGO के अध्यक्ष सलमान खान के साथ गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की मदद के लिए आमलोगों से फंड जमा किए और इसका दुरुपयोग किया। जाँच में पता चला कि NGO ने अपने फेसबुक पेज का इस्तेमाल आर्थिक तंगी से जूझ रहे मरीजों के वीडियो पोस्ट करने के लिए किए और जनता से उनके इलाज के लिए पैसे देने की अपील की।

इस दौरान एक पुरानी बीमारी से पीड़ित महिला का फोटो पोस्ट किया गया और इलाज के लिए चंदा इकट्ठा किये गए। लेकिन कुछ ही दिनों में अच्छी खासी रकम आरोपितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। दानदाताओं ने जब शिकायत की तो पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। बाद में टास्क फोर्स ने हैदराबाद से अयूब को गिरफ्तार कर लिया।