‘योगी की अम्मा का गोश्त…’: CM की माँ पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना सलीम गिरफ्तार, UP STF ने बिहार से दबोचा

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माँ के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई जिसमें मौलाना रमजान के दौरान एक मजहबी जलसे में विवादित टिप्पणी करता नजर आया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौलाना अब्दुल्ला सलीम बिहार के जोकीहाट क्षेत्र का रहने वाला है। यूपी STF ने उसे पूर्णिया जिले के दलमालपुर चौक इलाके से पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कराकर कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।

राज्य की अमौर सीट से AIMIM के विधायक अख्तरुल ईमान ने मौलाना की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं था कि मौलाना को किडनैप किया गया है या पुलिस ने हिरासत में लिया है। विधायक के मुताबिक, “हमें सूचना मिली थी कि कुछ लोग मौलाना को अपने साथ ले गए हैं। बाद में जब हमने जिले के थाना प्रभारी से संपर्क किया तो यूपी STF ने बताया कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है।”

दरअसल, बीते 6 मार्च को मौलाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माँ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करता नजर आया था। उत्तर प्रदेश में गौकशी के खिलाफ लागू सख्त कानूनों की आलोचना करते हुए मौलाना ने मुख्यमंत्री की माँ के नाम का इस्तेमाल किया। मौलाना ने कहा कि यूपी में कानून ऐसा है कि यदि किसी के पास मुख्यमंत्री की अम्मा का ‘गोश्त’ भी मिल जाए तो पुलिस एनकाउंटर कर देती है।

वीडियो सामने आने के बाद यूपी में कई हिंदूवादी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग उठाई थी। इस मामले में मौलाना सलीम पर उत्तर प्रदेश में 120 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। गिरफ्तारी के बाद अब यूपी पुलिस मौलाना से पूछताछ करेगी और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार दोनों राज्यों की पुलिस सतर्क हो गई है और मामले पर नजर बनाए हुए है।