बुर्का पहनी महिला ने नकली तमंचे के दम पर लूटी ज्वेलरी शॉप, CCTV से कुछ घंटों में ही प्रेमी सहित गिरफ्तार: अयोध्या का मामला

उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रुदौली क्षेत्र में गुरुवार (2 अप्रैल 2026) को एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई। अग्रवाल कॉम्प्लेक्स स्थित दुकान में एक बुर्का पहने महिला ग्राहक बनकर पहुँची। उसने पहले जेवर देखने के बहाने दुकानदार और कर्मचारियों को व्यस्त किया, फिर बातचीत के दौरान पानी और मिठाई मँगवाकर उनका ध्यान भटकाया।

इसी दौरान मौका पाकर महिला ने करीब 26 ग्राम सोने के जेवर अपने बैग में रख लिए। जब दुकानदार को शक हुआ और उसने रोकने की कोशिश की, तो महिला ने नकली तमंचा निकालकर उसे धमकाया और तुरंत दुकान से बाहर निकल गई। बाहर पहले से मौजूद उसका साथी बाइक लेकर तैयार था, जिस पर बैठकर दोनों फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जाँच के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूटे गए जेवर, वारदात में इस्तेमाल बाइक और नकली तमंचा बरामद कर लिया है।

पुलिस जाँच में सामने आया कि इस वारदात की मास्टरमाइंड पायल है, जो पहले से शादीशुदा है और अपने प्रेमी राहुल के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी।