‘BBC सोचता है मुझे डरा देगा, मैं डरने वाला नहीं’: ‘एजेंडा पत्रकारिता’ पर CM हिमंता की दो टूक, जानें- क्या है विवाद?

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंस कॉरपोरेशन (BBC) को जवाब देते हुए कहा कि वे उससे डरने वाले नहीं हैं। असम की मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम हिमंता ने कहा कि BBC कोई भी नहीं देखता असम में, वे सोचते हैं मैं डर जाऊँगा लेकिन मेैं डरने वाला नहीं हूँ।

उन्होंने कहा, “असम का मीडिया खत्म हो जाएगा, तब BBC से बात करूँगा। जब आप लोग हैं, तो क्यों बात करूँ। BBC कोई असम में देखता है क्या। ये लोग सोचते हैं कि BBC से मैं डर जाऊँगा, मैं डरने वाला नहीं हूँ।”

दरअसल, सीएम हिमंता और BBC के बीच यह बहस उस वक्त शुरू हुई, जब BBC के एक रिपोर्टर ने उनसे सवाल पूछा के लोग आपको हिटलर कह रहे हैं, ऐसे में क्या प्रतिक्रिया देंगे। तब सीएम हिमंता ने कहा कि BBC उन्हें हिटलर कहता है, असम के लोग उन्हें ‘मामा’ कहते हैं।

इस इंटरव्यू की क्लिप भी सीएम हिमंता ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर शेयर की थी। जिसके बाद BBC की ओर से क्लिप का पूरा वीडियो रिलीज किया गया। वीडियो में सीएम हिमंता ने शांतिपूर्ण तरीके से BBC रिपोर्टर के सभी सवालों के जवाब दिए, बावजूद रिपोर्टर उनके पीछे भागता रहा। वह बार-बार सीएम हिमंता को हिटलर बताते हुए पूछता रहा कि आपकी इस पर क्या राय है? जबकि सीएम हिमंता ने कहा कि यह सवाल BBC की ओर से नहीं, बल्कि अखिल गोगोई की ओर से पूछा जा रहा है।

पर BBC अपना एजेंडा चलाने के लिए अपना मनचाहा जवाब माँगने के लिए अड़ा रहा और सीएम पर आरोप लगाता रहा। इसीलिए अब सीएम हिमंता ने BBC को जवाब दिया है कि वे उससे डरने वाले नहीं हैं।