तेलंगाना HC से पवन खेड़ा को 1 सप्ताह की अग्रिम जमानत, असम CM की पत्नी के केस में राहत: फर्जी कागजातों के आधार पर लगाए थे 3 पासपोर्ट रखने के आरोप

तेलंगाना हाईकोर्ट ने कॉन्ग्रेस नेता पवन खेड़ा को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयाँ सरमा द्वारा दर्ज कराए गए मामले में एक सप्ताह की अग्रिम जमानत दे दी है। यह राहत राजनीतिक विवाद के बीच आई है, जिसमें खेड़ा पर रिनिकी सरमा के पास कई पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति छिपाने का आरोप लगाया गया था।

जस्टिस के. सुजाना की एकल पीठ ने यह राहत दी और खेड़ा को एक हफ्ते का समय दिया है कि वे उचित फोरम में नियमित अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल करें। अदालत ने खेड़ा के वकील की ज्यादा समय माँगने की याचिका खारिज कर दी और कहा कि खेड़ा ने अदालत का रुख जल्दी किया है और वे कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं।

अदालत ने अपने आदेश में कहा, “याचिकाकर्ता (खेड़ा) को संबंधित अदालत में अर्जी दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाता है।” यह फैसला लंबी सुनवाई के बाद आया, जिसमें राजनीतिक बदले की भावना, अधिकार क्षेत्र और कानूनी प्रावधानों के दुरुपयोग पर गर्मागर्म बहस हुई थी।

बता दें कि पवन खेड़ा कॉन्ग्रेस की मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख हैं। उन्होंने हैदराबाद में अपने निवास के आधार पर तेलंगाना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने खेड़ा को कानून का पालन करने वाला नागरिक बताया, जिनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला पहले से दर्ज नहीं है। उन्होंने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और मामले को केवल उत्पीड़न करार दिया।

गौरतलब है कि ये मामला 5 अप्रैल 2026 को दिल्ली में पवन खेड़ा द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ था। उसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रिनिकी भुइयाँ सरमा के पास कई पासपोर्ट हैं और विदेशी संपत्तियाँ हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में नहीं बताया गया। सरमा परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया और उन्हें ‘झूठे, गढ़े गए और दुर्भावनापूर्ण’ बताया।

रिनिकी सरमा की शिकायत पर असम पुलिस ने गुवाहाटी क्राइम ब्रांच में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया, जिसमें चुनाव से जुड़े झूठे बयान और धोखाधड़ी संबंधी प्रावधान शामिल हैं। असम पुलिस की टीम पहले दिल्ली स्थित खेड़ा के घर गई थी, लेकिन उन्हें नहीं मिले।

इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कॉन्ग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने दस्तावेजों की जाँच बिना आरोप लगाए। सरमा ने दावा किया कि खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं और असम पुलिस मामले का पीछा करेगी। सरमा ने कहा, “क्या आपको असम पुलिस नहीं पता? पाताल से भी खोदकर ले आएँगे। पवन खेड़ा कहाँ छिप रहे हैं? कल तक वे कह रहे थे कि मुझे गिरफ्तार कर लो, लेकिन जब पुलिस उनके घर पहुँची तो वे भाग गए।”