उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल के मैनेजर नइमुद्दीन ने रेप किया।
घटना के बाद बच्ची खून से लथपथ हालत में घर पहुँची। बच्ची की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
स्कूल से लौटते ही बिगड़ी हालत, परिजन रह गए सन्न
परिजनों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) की सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में जब वह घर लौटी तो उसकी हालत बेहद खराब थी और शरीर से लगातार खून बह रहा था। यह देखकर माँ घबरा गई और तुरंत खेत में काम कर रहे पिता को बुलाया गया। इसके बाद परिजन बच्ची को अस्पताल ले गए।
वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। एक महिला चिकित्सक ने भी कहा कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है, हालाँकि अंतिम मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। तरयासुजान थाना पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और परिजनों की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। मामले में विद्यालय के प्रबंधक नइमुद्दीन को हिरासत में लिया गया है, जबकि शिक्षक/प्रधानाचार्य पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जाँच कर रही है।

