नासिक TCS कांड के बाद दफ्तर हुआ अस्थायी रूप से बंद, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के मिले निर्देश: धर्मांतरण और यौन शोषण के आरोपों के बाद हुई कार्रवाई

महाराष्ट्र के नासिक में TCS के BPO सेंटर ने गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को अपनी सेवाएँ अस्थायी रूप से बंद कर दीं। फिलहाल सभी कर्मचारियों को अगली सूचना तक घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह फैसला उस खुलासे के बाद लिया गया है, जिसमें हिंदू महिला कर्मचारियों ने सीनियर मुस्लिम कर्मचारियों पर यौन शोषण और धर्मांतरण के आरोप लगाए थे। मामला तब सामने आया था, जब महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए एक अंडरकवर ऑपरेशन में खुलासा हुआ कि कुछ मुस्लिम कर्मचारी मिलकर महिला कर्मचारियों को निशाना बना रहे थे।

इस रैकेट में IT इंजीनियर और टीम लीडर जैसे तौसीफ अत्तार, दानिश शेख, आसिफ अंसारी और शफी शेख शामिल थे। ये लोग महिला कर्मचारियों को पहले नौकरी और करियर के नाम पर करीब लाते थे, फिर उनका शोषण और ब्लैकमेल करते थे। पीड़ितों को नमाज पढ़ने, हिजाब पहनने और यहाँ तक कि गोमांस खाने के लिए मजबूर किया जाता था।

इसके साथ ही धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया जाता था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जाँच के लिए एक विशेष जाँच दल (SIT) का गठन किया। अब तक इस केस में 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और एक महिला सहित 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक महिला आरोपित की तलाश जारी है।