नक्सलियों ने लगाया था IED, निष्क्रिय करते समय हुआ धमाका: छत्तीसगढ़ के कांकेर में DRG के इंस्पेक्टर समेत तीन जवान बलिदान, 1 गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार (2 मई 2026) को नक्सल प्रभावित इलाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) निष्क्रिय करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवानों की विस्फोट में मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कांकेर-नारायणपुर सीमा के पास छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई, जहाँ DRG की टीम डी-माइनिंग, एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा पहले से लगाया गया एक IED मिला।

जब टीम उसे निष्क्रिय करने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और कांस्टेबल संजय गढ़पाले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कांस्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

बस्तर रेंज के IG पी सुंदरराज ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में सुरक्षाबलों ने खुफिया सूचनाओं और आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर सैकड़ों IED बरामद कर निष्क्रिय किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के अभियान के दौरान यह हादसा हुआ।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल में इसी इलाके में 5 लाख रुपए के इनामी नक्सली कमांडर रूपी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया था।